शिमला, सुरेंद्र राणा; हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने एक बार फिर संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी से असंतोष बढ़ सकता है, जिसका सीधा असर सरकार के कामकाज पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में कांग्रेस पदाधिकारियों और उनके परिजनों को बिना उचित कारण दूरदराज क्षेत्रों में स्थानांतरित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इस मुद्दे को उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उठाते हुए संबंधित विभाग को पत्र भी लिखा। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री से बातचीत की थी, जिन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन फाइल लंबे समय तक मुख्यमंत्री कार्यालय में लंबित रही।विओ : कौल सिंह ठाकुर ने आशंका जताई कि अधिकारियों के स्तर पर गड़बड़ियां हो सकती हैं, जिससे वास्तविक सूची में बदलाव हुआ हो। उन्होंने कहा कि यह मामला पार्टी की बैठक में भी उठाया गया और इसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही गई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा सार्वजनिक मंच का नहीं, बल्कि पार्टी की आंतरिक बैठक का था, जहां कार्यकर्ताओं की समस्याएं उठाना जरूरी होता है। उनका कहना था कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी नाराजगी का असर सरकार के कामकाज पर भी पड़ता है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी के संकेत मिल रहे हैं, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मंत्रियों के कामकाज पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्त सभी मंत्री सक्षम और अनुभवी हैं, लेकिन उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर मिलना चाहिए। विशेष रूप से शिक्षा विभाग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ चीजें ठीक नहीं चल रही हैं और मुख्यमंत्री को इस पर ध्यान देना चाहिए। संगठनात्मक ढांचे को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई जिलों में अभी तक जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां लंबित हैं, जिससे पंचायत चुनावों की तैयारियों पर असर पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी हाईकमान द्वारा नए अध्यक्ष की नियुक्ति और राजनीतिक समिति के गठन के बाद स्थिति में सुधार होगा।कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि आने वाले पंचायत चुनाव कांग्रेस के लिए “सेमीफाइनल” की तरह हैं और पार्टी इन्हें मजबूती से लड़कर जीत दर्ज करने का प्रयास करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही संगठनात्मक ढांचा पूरा कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा और पार्टी को मजबूत बनाया जाएगा।
