शिमला, सुरेंद्र राणा,हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बीजेपी ने पूरे प्रदेश में मोर्चा खोल रखा है।सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों को भाजपा सिरे से नकारते हुए जनता विरोधी करार दे रही है और 2027 में सत्ता से उखाड़ने के मकसद से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में आज शिमला के चक्कर स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर भाजपा शिमला ग्रामीण द्वारा प्रदर्शन किया गया और प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया गया।शिमला जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान ने बताया कि आज शिमला ग्रामीण विधानसभा का धरना-प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले साढ़े तीन वर्षों से निकम्मी सरकार चल रही है, जिसने प्रदेश की हालत खराब कर दी है, जिसके विरोध में पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार 10 गारंटियों के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन एक भी गारंटी को सही तरीके से पूरा नहीं किया गया।महिलाओं को 1500 रुपए देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, 5 लाख नौकरियां देने जैसे वादे अधूरे रह गए हैं और सरकार लगातार जनता पर आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है।केशव चौहान ने कहा कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है और सरकार की आंतरिक खींचतान भी खुलकर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बयानों में विरोधाभास देखने को मिल रहा है, जहां एक ओर आत्मनिर्भरता की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर वेतन में कटौती की बात कही जा रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने साढ़े तीन वर्षों में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति और खराब हुई है। केशव चौहान ने कहा कि 2027 में कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि शिमला जिला की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी और कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार को सत्ता से बाहर नहीं किया जाएगा, तब तक इस प्रकार के धरना-प्रदर्शन लगातार जारी रहेंगे।
