विधानसभा में आज पारित होगा बजट, दो बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी सदन की कार्यवाही

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सोमवार को राज्य के आगामी वित्त वर्ष का बजट पारित किया जाएगा। बजट सत्र के इस महत्त्वपूर्ण चरण में सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होगी। सबसे पहले सदन में प्रश्नकाल होगा और विधायकों की ओर से पूछे गए सवालों का मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री जवाब देंगे। सोमवार को सदन में ब्यास नदी पर ड्रेजिंग को लेकर विधायक भुवनेश्वर गौड़ की ओर से पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री जवाब देंगे। इसी तरह प्रश्रकाल में प्रदेश के चल रहे नशा निवारण केंद्रों और राज्य चयन आयोग के परीक्षा केंद्रों से जुड़ा सवाल भी लगा है। सोमवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत दस वर्ष या इससे अधिक का कार्यकाल पूरा कर चुकी आशा वर्कर्ज को नियमित करने हेतु स्थायी नीति बनाने को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्र विधायक हरदीप बावा की ओर से पूछा गया है।

सोमवार को सदन में विपक्ष द्वारा लाए गए कटौती प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। चर्चा के बाद सरकार इन प्रस्तावों का जवाब देगी और अंतत: बजट को सदन की मंजूरी मिल जाएगी। विधानसभा में बजट पारित होने के बाद अगले दिन मंगलवार को प्राइवेट मेंबर-डे रखा गया है। इस दिन गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा लाए गए प्रस्तावों और विधेयकों पर चर्चा की जाएगी। बता दें कि बजट पारित होने के साथ ही सरकार द्वारा इसमें की गई विभिन्न घोषणाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इस बार बजट में कर्मचारियों की सैलरी में कटौती से जुड़ी घोषणा भी की गई है, जिस पर कर्मचारियों और संगठनों की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *