शिमला, सुरेंद्र राणा: शिमला पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी है। रोहड़ू में दर्ज चिट्टा तस्करी के एक बड़े मामले में पुलिस ने नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पंजाब के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में अब तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह जानकारी एएसपी शिमला अभिषेक ने दी।विओ,,, एएसपी ने मीडिया से मुखातिब होकर बताया कि मामला 2 फरवरी 2026 से जुड़ा है, जिसमें रोहड़ू के मेहंदली पुल के पास पुलिस ने पंजाब के दो युवकों — जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह को 83 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस ने सप्लाई चेन से जुड़े चार और स्थानीय आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें आशीष चौहान (निवासी खशधार, चिड़गांव), नवीन शिट्टा (निवासी गोक्सवारी, चिड़गांव), दीवान चंद (निवासी सुंधा, चिड़गांव) और विजेंद्र सिंह उर्फ छोटू (निवासी सुंधा भौंडा, तहसील चिड़गांव) शामिल हैं। विजेंद्र सिंह को इस नेटवर्क का मेजर डिस्ट्रीब्यूटर बताया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल संचार का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी जशनदीप सिंह के बैंक खातों में पिछले चार महीनों के दौरान करीब 18 लाख रुपये का लेन-देन हुआ। यह भी पाया गया कि जशनदीप व्हाट्सएप के माध्यम से स्थानीय नेटवर्क और मुख्य सप्लायर के संपर्क में था, जबकि मुख्य सप्लायर वर्चुअल व्हाट्सएप नंबर का इस्तेमाल कर रहा था।बैंक लेन-देन और व्हाट्सएप रिकॉर्ड के बैकवर्ड लिंक खंगालने पर इस नेटवर्क के मुख्य संचालक के रूप में पंजाब के जिला फिरोजपुर निवासी हरदीप सिंह पुत्र सुरजीत सिंह की पहचान हुई। शिमला पुलिस की टीम ने फिरोजपुर पुलिस के सहयोग से उसे जिला फिरोजपुर से गिरफ्तार किया।जांच में सामने आया कि हरदीप सिंह वर्चुअल नंबर के जरिए पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था और जशनदीप सिंह सहित कई लोगों के साथ उसके वित्तीय लेन-देन थे। हरदीप सिंह के बैंक खाते के विश्लेषण में पिछले सात महीनों में करीब 28 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, ये रकम चिट्टा खरीद के लिए भेजी गई थी।पुलिस संबंधित सभी व्यक्तियों के रिकॉर्ड एकत्र कर रही है और मामले की तफ्तीश हर पहलू से जारी है।एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि इस वर्ष अब तक शिमला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 56 मुकदमे दर्ज कर 111 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
