पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तमिलनाडु के पर्यटक का गुम बैग घंटों में मिला

Spread the love

शिमला: शिमला के पुलिस कंट्रोल रूम, माल रोड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु से आए एक पर्यटक का गुम हुआ बैग कुछ ही घंटों में बरामद कर उसे सुरक्षित लौटा दिया। बैग में करीब 15,000 नकद राशि और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। एएसपी नरवीर राठौर ने जानकारी देते हुए बताया 20 फरवरी 2026 को तमिलनाडु से आए एक पर्यटक ने माल रोड स्थित पुलिस रिपोर्टिंग रूम में सूचना दी कि रिज मैदान क्षेत्र में उसका बैग कहीं गुम हो गया है। बैग में नकदी के साथ महत्वपूर्ण कागजात भी थे, जिससे वह काफी चिंतित था।

सूचना मिलते ही रिपोर्टिंग रूम से पुलिस टीम तुरंत रिज मैदान क्षेत्र में पहुंची। वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध स्थानों पर तलाश अभियान चलाया गया। पुलिस की सतर्क और तेज कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों के भीतर बैग को बरामद कर लिया गया। इसके बाद बैग को सुरक्षित अवस्था में पर्यटक को सौंप दिया गया। अपने दस्तावेज और नकदी सुरक्षित मिलने पर पर्यटक ने पुलिस टीम का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *