शिमला/नेरवा, सुरेंद्र राणा । हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नेरवा डिपो की एक बस मंगलवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 34 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस (संख्या एचपी-66ए-2588) हरिपुर–कोटी–मीनस मार्ग पर क्वानू के पास अनियंत्रित होकर नीचे शूदोई खड्ड में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 37 यात्री सवार थे।घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। बस के परिचालक ने पुलिस को फोन कर हादसे की जानकारी दी।हादसे में घायल विनोद कुमार पंडित, निवासी बिहार (जो नेरवा में प्लंबर का काम करते हैं) ने बताया कि एक ट्रक को पास देते समय सड़क किनारे डंगा अचानक गिर गया, जिससे बस संतुलन खो बैठी और खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि वे खुद चलकर सड़क तक पहुंचे, जबकि उनके साथी को स्थानीय लोगों ने उठाकर सड़क तक पहुंचाया।घायलों का आरोप है कि हादसे के करीब दो घंटे बाद तक उत्तराखंड प्रशासन और पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। क्वानू और आसपास के गांवों के लोगों ने ही घायलों को सड़क तक पहुंचाया और रास्ते से गुजरने वाले लोगों ने उन्हें अपने वाहनों से अस्पताल भिजवाया।इस हादसे में ऋचा (30) पत्नी वीरेंद्र चौहान, निवासी ग्राम बिजमल, नेरवा की मौत की पुष्टि उनके देवर व बिजमल पंचायत के पूर्व प्रधान दिनेश चौहान ने की है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।
