शिमला, सुरेंद्र राणा: आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माता और छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 13 अक्टूबर को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सांसद राजीव शुक्ला समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। स्वास्थ्य कारणों के चलते सोनिया गांधी के आने को लेकर अभी संशय बना हुआ है।कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज रिज मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि “इस दिन का लंबे समय से इंतजार था कि आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जी की प्रतिमा रिज पर स्थापित हो और आखिरकार वह क्षण आने वाला है। 13 अक्टूबर को प्रदेशभर से हजारों लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ विपक्ष के कई नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।वहीं बिलासपुर बस हादसे को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा PWD विभाग पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम जयराम ठाकुर का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें आपदा में राजनीति नहीं करनी चाहिए। हादसे के बाद PWD विभाग ने राहत और बचाव कार्य में हरसंभव प्रयास किया। हिमाचल एक पर्वतीय राज्य है और यहां लैंडस्लाइड कभी भी हो सकते हैं। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष को इस तरह की राजनीति से बचना चाहिए।
