शिमला। सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष अनिता ठाकुर ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने यह अहम जिम्मेदारी उन्हें सौंपने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रभार रजनी पाटिल सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद भी किया। अनिता ठाकुर ने गत दिन शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उन्हें यह दायित्व सौंपने के लिए उनका आभार जताया।अनिता ठाकुर ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है, जिसे वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके समग्र विकास और सुरक्षा को सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आयोग के माध्यम से बच्चों से जुड़े विभिन्न मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। अनिता ठाकुर ने विश्वास जताया कि सरकार और समाज के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में बच्चों के हितों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के प्रत्येक बच्चे के सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेंगी।
