सीएम सुक्खू के कांगड़ा प्रवास के दाैरान धर्मशाला में होगी कैबिनेट की बैठक

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कांगड़ा प्रवास के दौरान धर्मशाला में मंत्रिमंडल की बैठक भी होगी। 23 या 24 जनवरी को बैठक हो सकती है। 25 जनवरी को मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय पूर्ण राजत्व दिवस समारोह के चलते कैबिनेट बैठक बुलाई जा रही है।

संभावित है कि समारोह में की जाने वाली घोषणाओं को कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी जाएगी। चर्चा है कि पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने का एलान कर सकते हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को कांगड़ा जिला के शीतकालीन प्रवास पर धर्मशाला पहुंचे। साई ग्राउंड के हेलीपैड पर कांग्रेस सरकार के मंत्रियों, विधायकों, कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने धौलाधार फूड स्ट्रीट का शिलान्यास और महिला पुलिस थाना का उद्घाटन किया।

इस दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन रघुवीर बाली, योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक आशीष बुटेल, केसीसी बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठानिया, चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, संजय चौहान, धर्मशाला से पूर्व उम्मीदवार देवेंद्र जग्गी, डीजीपी डॉ. अतुल वर्मा, धर्मशाला नगर निगम की मेयर नीना शर्मा मौजूद रहे।

धर्मशाला पहुंचने पर सीएम ने कहा कि कांगड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम रखे गए हैं। इस दाैरान करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के शिलान्यास व उद्घाटन किए जाएंगे। कहा कि कांगड़ा का विकास सरकार की प्राथमिकता में है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *