शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में कर्मचारी और सरकार एक बार फिर आमने- सामने हो गए हैं। कर्मचारी DA व एरियर की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध पर उतर आए हैं। वहीं सरकार ने भी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। बीते कल सचिवालय में कर्मचारियों ने डीए व एरियर की मांग को लेकर विशाल बैठक का आयोजन किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। वहीं अब प्रदेश सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कर्मचारी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि कर्मचारी नेता नेतागिरी चमकाने के चक्कर में उल्टे सीधे बयान न दें।
सरकार मिल रहे लाभों में भी कटौती कर सकती है। वहीं उन्होंने कहा कि सरकार केवल एक वर्ग के लिए काम नहीं कर रही है ऐसे भी परिवार है जिनके लोग सरकारी नौकरी में नहीं है।जिन्हें डीए और एरियर नहीं मिलता है सरकार उन वर्गों को ध्यान में रखकर भी काम कर रही है।
उधर सचिवालय कर्मचारियों ने कल एक बार फिर से 1:30 बजे सचिवालय के प्रांगण में जनरल हाउस रखा है जिसमें ये कर्मचारी डीए, एरियर की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ आगामी रणनीति तय करेंगे।
