लाहौल-स्पीति में जगह-जगह हिमस्खलन से चंद्रभागा नदी का बहाव रुका

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल से पाकिस्तान जाने वाली चिनाब (चंद्रभागा) नदी का जल बहाव रुक गया है। वर्षों बाद जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में इतना अधिक हिमपात हुआ है। रविवार को भी घाटी में हिमपात का दौर जारी है। भारी हिमपात के बाद लाहौल के कई हिस्सों में हिमस्खलन हुआ है, हालांकि अभी तक किसी तरह के जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है।

हिमस्खलन गिरने से तिन्दी, उदयपुर और जहालमा के समीप चंद्रभागा का बहाव रुक गया है। जानकारी के मुताबिक उदयपुर के समीप टाठा नाला, तिन्दी, और दाराफाल से हिमखंड गिरने से नदी का बहाव पूरी तरह से रुक गया है। वहीं घाटी में 48 घंटों से बिजली गुल है। हिमपात के कारण सभी सपंर्क और मुख्य सड़क मार्ग बंद हैं।
PunjabKesari

तादी पुल में हिमस्खलन से 4 दुकानें चपेट में आईं
उधर, बीआरओ 70 और 94 आरसीसी ने खराब मौसम के बीच सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। भारी हिमपात होने से लाहौल में हिमस्खलन का दौर शुरू हो गया है, जगह-जगह हिमस्खलन हो रहे हैं। तांदी पुल के पास 4 दुकानें हिमस्खलन की चपेट में आ गई हैं। हालांकि जानी नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन दुकानें हिमस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। एक अन्य घटना में जोबरंग पुल के पास भी भारी हिमस्खलन हुआ है। हालांकि पुल को कोई नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन हिमस्खलन की घटनाओं से लोग सहम गए हैं। 4 दिन से लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात का क्रम जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *