पंजाब, सुरेंद्र राणा: नशा तस्करी से जुड़े एक मामले में सवा साल से जमानत पर चल रहे शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। इस मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने उन्हें परवाना (नोटिस) भेजकर 18 दिसंबर की सुबह 11 बजे एसआईटी के पटियाला रेंज स्थित दफ्तर में हाजिर होने का आदेश दिया है। वहीं, नोटिस की कॉपी खुद मजीठिया ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए वीडियो संदेश भी दिया है।
मजीठिया ने कहा कि जैसे कि उम्मीद थी आपका (सीएम) लव लेटर मिल गया है। दुख है कि आपकी तरफ से नहीं बल्कि आपकी पुलिस की तरफ से आया है। मजीठिया ने कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं और मामले में पेश होंगे। वह हमेशा पंजाबियों के पक्ष में आवाज उठाते रहेंगे। अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल पुलिस पटियाला रेंज की तरफ से पुलिस कमिश्नर अमृतसर और मुख्य अफसर थाना सिविल लाइंस अमृतसर को नोटिस भेजा गया।
