पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब सरकार साल 2023-24 के लिए नया बजट शुक्रवार, 10 मार्च को पंजाब विस में पेश होगा। बजट में शिक्षा के लिए बजट में 12 से 15% बजट बढ़ाया जा रहा है व हेल्थ के लिए भी 10% से अधिक आवंटन बढ़ना तय है। इस साल भी बजट में महिलाओं के लिए 1000 रुपए मासिक मानदेय दिए जाने का प्रस्ताव शामिल नहीं किया गया है।
वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सभी वर्गों को खुश करने के संकेत दिए हैं। नए आम आदमी क्लीनिकों का आंकड़ा और बढ़ाया जाएगा। हेल्थ सेक्टर में बड़े जिलों में एक एक मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल खोलने के लिए अलग फंड रखे जा सकते हैं। इंडस्ट्री के लिए कई घोषणाएं की जा सकती हैं। संभव है कि सरकार कामकाजी महिलाओं को प्रोफेशनल टैक्स से छूट प्रदान कर दे।
बजट में पुलिस का विशेष ध्यान
पुलिस मॉडर्नाइजेशन पर बजट में 8 से 10% तक आवंटन बढ़ सकता है। नए पुलिस थाने, नए वाहन और नए हथियारों के साथ पुलिस लाइंस में पुलिस कर्मियों के परिवारों के लिए भी नए घर बनाने का प्रस्ताव भी शामिल किया जा सकता है।
