हिमाचल प्रदेश में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर के वक्त लैंडस्लाइड हो गया। इस दौरान एक पत्थर चलती कार पर जा गिरा। जिसके कारण गाड़ी में अगली सीट पर बैठी महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बहनें और भांजा घायल हो गए।
गाड़ी को भांजा चला रहा था। जब ये हादसा हुआ तो कोई बारिश नहीं हो रही थी। अचानक ही यहां पहाड़ी दरकी। मृतक महिला की पहचान प्रोमिला देवी निवासी गांव रुंझ (मंडी) के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार, 4 बहनें और उनका भांजा HP-33E-9028 नंबर कार में पंडोह से मंडी की ओर आ रहे थे। इस दौरान वृंदावनी में कार पर पहाड़ी से बड़ा पत्थर आ गिरा। पत्थर गाड़ी का अगला शीशा तोड़ते हुए अगली सीट पर बैठी महिला के सिर पर लगा।
इस हादसे के बाद भांजा महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
