शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का कहर जारी है। राज्य में कोहरे और शीतलहर के डबल अटैक के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई शहरों का तापमान शून्य के नीचे चला गया है। सुबह शाम पड़ रही ठंड के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों सडक़ किनारे खड़े वाहनों पर जमे हुए कोहरे की परत साफ देखी जा सकती है। सडक़ों पर कोहरे जमने से सडक़ हादसों का खतरा बढ़ गया है। शिमला सहित कई पर्यटन स्थलों पर भी रात का तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश में इस बार सर्दी बिना बर्फबारी के ही लोगों की परीक्षा ले रही है और शीतलहर ने पहाड़ से मैदान तक जनजीवन को जकड़ लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान माइनस और शून्य डिग्री के आसपास पहुंचने से सुबह-सुबह सडक़ों पर पानी जम रहा है। राज्य में बीते तीन महीनों से प्रदेश में पर्याप्त बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। इससे सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। इसका सीधा असर किसानों और बागवानों पर पड़ रहा है, जो सेब सहित दूसरी नकदी फसलों के लिए जरूरी बर्फबारी और वर्षा का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने 14 जनवरी तक कई इलाकों में सुबह और देर रात घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जबकि 16 जनवरी तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 11 स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया, जबकि 4 शहरों का पारा शून्य डिग्री के आसपास बना हुआ है। सबसे ठंडा इलाका लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा ताबो में माइनस 7.9 डिग्री, कल्पा में माइनस 3.6 डिग्री, सियोबाग में माइनस 2.5 डिग्री, भुंतर में माइनस 1.0 डिग्री, मनाली में माइनस 1.1 डिग्री, सुंदरनगर में माइनस 0.2 डिग्री, सोलन में माइनस 0.5 डिग्री, रिकांगपिओ में माइनस 0.8 डिग्री और बजौरा में माइनस 0.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही कई जगह तापमान शून्य के बेहद करीब रहा। पालमपुर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री, मंडी में 0.8 डिग्री, हमीरपुर में 0.8 डिग्री, नारकंडा में 0.5 डिग्री और कुफऱी में 2.1 डिग्री दर्ज किया गया।
मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर असामान्य रूप से तेज देखा जा रहा है। ऊना में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री, कांगड़ा में 2.0 डिग्री, बिलासपुर में 2.5 डिग्री और नाहन में 5.1 डिग्री रहा, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जैसे निचले जिलों का तापमान शिमला से भी कम दर्ज किया गया, जो सामान्य हालात से अलग माना जा रहा है।
