शिमला, सुरेंद्र राणा’हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के जनविरोधी फैसलों और जनता से वादाखिलाफी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी जिला स्तर पर प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में शिमला में आज जिला भाजपा ने उपायुक्त कार्यालय के नजदीक सीटीओ चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और वादाखिलाफी का आरोप लगाकर सता से उखाड़ फेंकने की बात कही। बीजेपी ने सरकार पर जनविरोधी फैसले लेने और चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाया।
पूर्व में शिमला से प्रत्याशी रहे बीजेपी नेता संजय सूद ने कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शासन-प्रशासन चरमरा गया है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। यहां तक कि कर्मचारियों को समय पर वेतन देने की स्थिति भी नहीं है। आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव के दौरान दी गई 10 गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं की। 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1500 रुपये, और रोजगार देने जैसे वादे सिर्फ कागजों तक सीमित रह गए हैं। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने किसानों और बागवानों की स्थिति का भी जिक्र किया। कहा कि खराब मौसम से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार संवेदनशीलता दिखाने के बजाय लापरवाही बरत रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार को सत्ता से बाहर नहीं किया जाता, तब तक पार्टी सड़क से लेकर बूथ स्तर तक आंदोलन जारी रखेगी और जनता के मुद्दों को जोरशोर से उठाती रहेगी।
