बेटे-बहू ने पिता पर किया जानलेवा हमला

Spread the love

मंडी: काजल,जोगिंद्रनगर की कोलंग पंचायत के डगू गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इनसानियत और पारिवारिक रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। यहां 63 वर्षीय प्रेम सिंह पर उनके ही बेटे और बहू ने जानलेवा हमला कर दिया। ताला तोडऩे से शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया और बहू-बेटे के पिता को मार-मारकर अस्पताल पहुंचा दिया। पीडि़त प्रेम सिंह के अनुसार, उनका बेटा लव मैरिज कर चुका है और बहू पहले से शादीशुदा थी। घटना उस समय घटी जब उन्होंने अपने बेटे और बहू को घर का ताला तोड़ते हुए देखा।

जैसे ही उन्होंने इसका विरोध किया, दोनों भडक़ उठे। आरोप है कि बेटे ने पीछे से उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी दोनों ने दराट और डंडों से बेरहमी से पिटाई जारी रखी। गंभीर रूप से घायल प्रेम सिंह ने हिम्मत जुटाकर 108 एंबुलेंस को बुलाया। उन्हें पहले लडभड़ोल सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोगिंद्रनगर अस्पताल रैफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि लडभड़ोल पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *