पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार 27 अप्रैल गुरुवार को उनके पैतृक गांव बादल में दोपहर एक बजे होगा। इससे पहले 26 अप्रैल को उनके पार्थिव शरीर को आम लोगों के दर्शन के लिए सुबह 10 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 28 स्थित शिरोमणि अकाली दल के कार्यालय में रखा जाएगा।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद बादल को पिछले हफ्ते ही मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल किया गया था। तकलीफ बढ़ने पर शुक्रवार को उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था। अस्पताल के मुताबिक उन्होंने रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली।
पंजाब के दिग्गज नेता प्रकाश सिंह बादल ने पांच बार मुख्यमंत्री का पद संभाला। वे पंजाब के सबसे युवा और उम्रदराज मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने पहली बार 1970 में 43 साल की उम्र में मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, तब वह पंजाब के सबसे कम उम्र के सीएम बने थे। साल 2012 में 84 वर्ष की आयु में बादल ने सबसे उम्रदराज सीएम के तौर पर शपथ ली। भारत सरकार ने उन्हें 2015 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।
प्रदेश की सिख केंद्रित राजनीति का केंद्र बिंदु रहे बादल धार्मिक सिख संस्थाएं- एसजीपीसी और डीएसजीपीसी में भी अपना प्रभाव रखते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1947 में की। वह अपने गांव बादल के सरपंच और फिर ब्लॉक समिति लंबी के अध्यक्ष रहे। वह 1957 में राजनीतिक दल शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर पहली बार पंजाब विधानसभा के लिए चुने गए।
इसके बाद 1969 में भी वह विधायक चुने गए और राज्य की सरकार में सामुदायिक विकास, पंचायती राज, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री बने। 1972, 1980 और 2002 में उनकी पार्टी को विपक्ष में बैठना पड़ा और तब बादल विधानसभा में विपक्ष के मजबूत नेता के रूप में भी सफल रहे। साल 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने लंबी विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी की लहर में उन्हें अपनी सीट गंवानी पड़ी। चुनाव लड़ते ही देश के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार का रिकॉर्ड उनके साथ जुड़ गया।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार 27 अप्रैल गुरुवार को उनके पैतृक गांव बादल में दोपहर एक बजे होगा। इससे पहले 26 अप्रैल को उनके पार्थिव शरीर को आम लोगों के दर्शन के लिए सुबह 10 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 28 स्थित शिरोमणि अकाली दल के कार्यालय में रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा राजपुरा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, रामपुरा फूल, बठिंडा के रास्ते गांव बादल पहुंचेगी।
