शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रदेश भर में प्रचार अभियान तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य की जिन पंचायतों में 26 मई को चुनाव होने हैं, उन पंचायतों में 24 मई को प्रचार बंद हो जाएगा। वहीं, इस दौरान चुनावी टीमें भी तय कार्यक्रम के अनुसार अपने अपने बूूथों के लिए रवाना होंगी। इस दौरान 26 मई को होने वाली पहले फेज की वोटिंग प्रक्रिया के चलते अपने विकास खंड के अंतर्गत चुनाव ड्यूटी पर नियुक्त अधिकारी, कर्मचारी, जिनमें सेक्टर अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, पुलिस कर्मी तथा अन्य कर्मचारी शामिल हैं, वे पोल ड्यूटी बैलेट पेपर के माध्यम से कर मतदान सकेंगे।
हालांकि यह सुविधा केवल संबंधित ब्लॉक स्तर के चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों को ही मिलेगी। पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया के चलते यदि किसी कर्मचारी की ड्यूटी संबंधित ब्लॉक से दूसरे अन्य ब्लॉक में लगी हो, तो ऐसी स्थिति में वे कर्मचारी अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। वहीं, संबंधित ब्लॉक में ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को अपना मत प्रकट करने यानी मतदान करने के लिए निर्धारित समय एवं स्थान पर अपना मत डाल सकेंगे। वह मत संबंधित आरओ द्वारा सुरक्षा के बीच पंचायतों में भेजा जाएगा। इसकी गिनती मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पंचायत चुनावों के दौरान की जाएगी।
