हिमाचल में प्रति व्यक्ति आय और ग्रोथ रेट बढ़ी: CM ने सदन में रखी रिपोर्ट: 16411 की बढ़ोतरी के बाद 2.36 लाख हुई इनकम

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल में सदी की सबसे भीषण आपदा के बावजूद ग्रोथ रेट और प्रति व्यक्ति आय में हल्का इजाफा हुआ है। यह दावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शुक्रवार को विधानसभा में टेबल की गई इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) रिपोर्ट 2023-24 में किया गया।

इकोनॉमिक सर्वे के अनुसार साल 2023-24 में प्रदेश की ग्रोथ रेट 7.1 फीसदी रहने का पूर्वानुमान है। यह पिछले साल 6.9 प्रतिशत थी। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में भी 16411 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय अब 235199 रुपए हो गई है। राज्य में बीते साल तक यह 218788 रुपए थी।

प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में वित्त वर्ष 2022-23 में 11.7 फीसदी की बढ़ौतरी हुई थी, जबकि इस बार 7.5 फीसदी आय बढ़ी है। हिमाचल की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय प्रति व्यक्ति आय से 49345 रुपए ज्यादा है।

प्रदेश में आज तक सर्वाधिक 8.1 GDP साल 2015-16 में रहा है। 2020-21 में यह माइनस में चला गया था। GDP में 2022-23 की तुलना में 2023-24 में 9428 करोड़ रुपए ज्यादा रहने का अनुमान है।

आसान शब्दों में समझें तो GDP देश व प्रदेश में सभी लोगों और कंपनियों द्वारा उत्पादित हर चीज का कुल मूल्य है, यानी देश की सभी आर्थिक गतिविधियों को मापने का जरिया है। फाइनेंशियल इयर 2023-24 में जीडीपी 207430 करोड़ के स्तर तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि 2022-23 में यह 1,91,728 करोड़ रुपए थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *