हिमाचल के चार जिलों में चली लू, सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज, अगले 48 घंटे हीटवेव का अलर्ट

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश में तीन दिन की तेज धूप के बाद गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में मंगलवार को लू महसूस की गई। कांगड़ा, कुल्लू, सोलन जिला के निचले इलाकों समेत किन्नौर में भी दोपहर के वक्त हीटवेव के कारण लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी। किन्नौर में पहली बार हीटवेव महसूस की गई है। मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन में 20 और 21 मई के लिए भी कांगड़ा और सोलन जिला के कुछेक भागों में हीटवेव का अलर्ट दिया गया है। राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान 11 शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक हो गया है। इससे दिन के वक्त मैदानी इलाकों में घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी के चलते हालत यह है कि राज्य में ऊना का पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शिमला और मनाली जैसे ठंडे शहरों में भी लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। राजधानी शिमला में धूप के बीच बादलों की आवाजाही जरूर रही, लेकिन इससे राहत कम ही मिली।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने समर सीजन में पहली बार हिमाचल में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। 20 और 21 मई को कांगड़ा और सोलन जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 21 मई को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आंधी और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। 23 और 24 मई को मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है, जबकि मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 25 मई को एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम बदलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार पहाड़ी इलाकों में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *