शिमला, सुरेंद्र राणा:CM ने शिमला लौटते ही भाजपा पर तीखा हमला बोला है. मुख्यमंत्री ने नगर निकाय के नतीजा को लेकर भाजपा आड़े हाथों लिया. शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने 25 नगर पंचायत और नगर परिषदों में स्पष्ट रूप से कांग्रेस की जीत का दावा किया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने इस दौरान राहुल गांधी पर फिर मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सच बोल रहे हैं जिससे भाजपा को तकलीफ हो रही है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में 25 नगर पंचायत और परिषदों को गिनवाते हुए कहा कि इन पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत हुई है. मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए सवाल कहा कि जनता भाजपा को क्यों वोट देगी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश के हित में कुछ नहीं किया. भाजपा केंद्र सरकार से प्रदेश के निराश्रितों को एक बीघा जमीन नहीं दिलवा पाई. साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में हर वर्ग की हित के लिए काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर नहीं हुए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ये कांग्रेस के लिए अच्छे संकेत हैं. वहीं पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा एक झूठी पार्टी है. राज्य सरकार ने विधवा और अनाथ बच्चों के हित में सेस लगाने को लेकर केवल संशोधन लाया था मगर कोई सेस नहीं लगाया. इसके बावजूद भाजपा ने उसे गलत तरीके से प्रसारित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भाजपा की सरकार ने पेट्रोल के दामों को बढ़ा दिया है. इससे महंगाई की मार पड़ेगी. इसके अलावा कमर्शियल सिलेंडर का दाम भी 1000 रुपए बढ़ा दिया गया. जिससे छोटे ढाबे चालकों और चाय बेचने वालों को महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी.
वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ फिर FIR दर्ज होने को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी है. CM सुखविंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और वह सच बोल रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चाई बोलने से से तकलीफ होती है. ऐसे में राहुल गांधी जनता के बीच सच बोल रहे हैं जिससे भाजपा को तकलीफ हो रही है. वहीं मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और इंदिरा गांधी ने देश के लिए बलिदान दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के दो प्रधानमंत्री ने देश के लिए कुर्बानी दी है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश में युवाओं को वोट देने का अधिकार दिया साथ ही उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं में भी महिलाओं को आरक्षण का अधिकार दिया।
