मोहाली में कमरा किराए के बहाने ठगी करने वाला गिरफ्तार

Spread the love

चंडीगढ़/मोहाली, सुरेंद्र राणा: मोहाली की बलौंगी पुलिस ने OLX पर कमरा किराए पर देने के नाम पर ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे बलौंगी से पकड़ा गया है। वह किराए के कमरों का विज्ञापन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी से 4 मोबाइल और वरना कार भी बरामद की गई। शुरूआती जांच में उसके बैंक खातों से 1 करोड़ 44 लाख रुपये का लेन-देन मिला है।

एसपी ग्रामीण मनप्रीत सिंह और डीएसपी खरड़ रुपिंदरदीप कौर सोही ने बताया कि इस बारे में परमजीत सिंह निवासी खरड़ के खिलाफ शिकायत मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया। फिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

OLX पर पोस्ट करता था खाली मकानों की तस्वीरें

पुलिस ने बताया कि परमजीत सिंह OLX पर खाली मकानों की तस्वीरें पोस्ट करता था। जिसे किराए पर देने की बात कहकर लोगों से पैसे मंगवाता था। इसके लिए उसने अलग-अलग बैंकों में खाते तक खोले हुए थे। पुलिस के मुताबिक वह किराए का मकान ढूंढने वाले व्यक्ति से एडवांस के तौर पर पैसे जमा करवाता था।

ऐसे ही उसने एक एक व्यक्ति से मकान का किराया 15 हजार रुपए के लिए सौदा कर लिया। फिर ये पैसे अपने खाते में जमा करवा लिए। हालांकि जब व्यक्ति ने कमरे के बारे में पूछा तो पहले वह आनाकानी करने लगा। फिर फोन उठाना बंद कर दिया।

आरोपी के 8 फोन नंबर, 10 बैंक खाते पुलिस अधिकारियों के मुताबिक परमजीत सिंह के पास से 8 फोन नंबर मिले हैं। अलग-अलग बैंकों में उसके 10 खाते चल रहे हैं। पुलिस के मुताबिक पंजाब और अन्य राज्यों के पुलिस स्टेशनों और साइबर सेल से संपर्क करने पर परमजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के अन्य मामले सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *