शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल कैबिनेट की बैठक आज दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सचिवालय में होगी। बैठक में कई अहम फैसले लिए जाएंगे।
बैठक में विधानसभा के 19 दिसंबर से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र में पेश होने वाले विधायकों को कैबिनेट पास किया जा सकता है। इसके अलावा कैबिनेट में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, श्रम, रोजगार, पर्यटन और परिवहन विभाग से जुड़े एजेंडे शामिल हो सकते हैं।
कैबिनेट में मुख्यमंत्री सुक्खू की 2023-24 की बजट घोषणाओं को भी मंजूरी के लिए लाया जा सकता है। हिमाचल पुलिस में महिलाओं को 30 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मुख्यमंत्री की घोषणा पर आज मुहर लग सकती हैं।
राज्य सरकार के 11 दिसंबर को एक साल पूरा करने पर कांगड़ा में कार्यक्रम की तैयारी है। इसे लेकर भी आज मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा संभावित है। इसके जरिए सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला को आमंत्रित किया जा सकता है।
प्रदेश में स्टोन क्रशर को लेकर उपजे विवाद को लेकर भी बैठक में कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। इसे लेकर सरकार बड़ा ऐलान कर सकती है।
कैबिनेट में राज्य चयन आयोग को फंक्शनल बनाने को लेकर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि सरकार ने चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव और एडमिनिस्ट्रेटिव की तैनाती कर दी है, लेकिन स्टाफ नहीं होने के वजह से आयोग अभी भर्तियां शुरू नहीं कर पाया। इससे प्रदेश के हजारों बेरोजगार परेशान है।
