घरों, चौराहों व पार्कों के बाहर दाना-पानी डालने पर पूर्ण रोक; चिन्हित स्थानों पर ही फीडिंग की सख्त अपील
ए-ब्लॉक से शंखनाद: प्रधानों की संयुक्त टीम ने घर-घर बांटे पोस्टर, प्रबुद्ध निवासियों का मिला जबरदस्त समर्थन
निवासियों की दो-टूक: भारी मेंटेनेंस वसूलने के बावजूद सिक्योरिटी गार्डों के हाथ में न डंडे, न कुत्तों को रोकने की परवाह
वेव एस्टेट आवारा कुत्ते
विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा (ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक)
मोहाली (वेव एस्टेट):
मोहाली की सबसे पॉश और वीआईपी टाउनशिप मानी जाने वाली वेव एस्टेट में इन दिनों आवारा कुत्तों की बेकाबू तादाद, उनका जानलेवा खौफ और चौतरफा फैली गंदगी निवासियों के लिए गहरा नासूर बन चुकी है। लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर शांत और सुरक्षित माहौल की उम्मीद में बसे परिवारों का सुकून जब आवारा श्वानों के झुंडों ने छीन लिया, तो रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने सीधे मैदान में उतरने का फैसला किया। वेव एस्टेट के प्रधान मनोज शर्मा ने इस गंभीर संकट से निपटने के लिए खुद आगे आकर कमान संभाली और इसका विधिवत शंखनाद सबसे पहले ए-ब्लॉक से कर दिया।
समस्या के स्थायी और सुनियोजित समाधान के लिए प्रधान मनोज शर्मा के नेतृत्व में एक संयुक्त कोर-टीम गठित की गई, जिसमें जॉय स्मार्ट होम्स के प्रधान, कैनविस के प्रधान और बुलेवार्ड के शीर्ष प्रतिनिधि सहित टाउनशिप के प्रबुद्ध नागरिक कंधे से कंधा मिलाकर मैदान में उतरे।

बुलेवार्ड और कैनविस के बाहर तय हुए 2 ‘डेजिग्नेटेड स्पॉट्स’
अक्सर देखा जाता है कि लोग अपने घरों के ठीक आगे या पार्कों में खाना-पानी फेंक देते हैं, जिससे वहां आक्रामक कुत्तों का स्थायी जमावड़ा लग जाता है। इस समस्या की जड़ पर प्रहार करते हुए प्रबंधन और आरडब्ल्यूए ने दो विशेष स्थान चिन्हित (Designated Spots) किए हैं:
पहला स्पॉट: बुलेवार्ड के बाहर
दूसरा स्पॉट: कैनविस के बाहर
प्रधान मनोज शर्मा और उनकी टीम ने ए-ब्लॉक के प्रत्येक घर की घंटी बजाकर, हाथ में जागरूकता पोस्टर थमाते हुए दोनों हाथ जोड़कर विनम्र अपील की:
कोई भी निवासी अपने घर के मुख्य द्वार, सड़क, चौक-चौराहों या पार्क नंबर 12 सहित किसी भी पार्क में कुत्तों को भोजन या कबूतरों-पक्षियों को दाना न डाले।
जीव-दया का पालन करते हुए आहार केवल बुलेवार्ड और कैनविस के बाहर बने इन्हीं दो चिन्हित स्थानों पर ही दिया जाए, ताकि बेजुबानों को खाना भी मिले और रिहायशी गलियों की सुरक्षा व सफाई भी बनी रहे।
बुजुर्गों की मॉर्निंग वॉक पर पहरा, सहमे बच्चे; मेंटेनेंस व गार्डों पर फूटा गुस्सा
ग्राउंड जीरो पर हालात बेहद चिंताजनक हैं। सुबह-शाम खुली हवा में टहलने निकलने वाले बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सुरक्षित वॉक करना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। कई बार आक्रामक कुत्तों द्वारा राहगीरों को दौड़ाने और बच्चों पर झपटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
वहीं जॉय स्मार्ट होम्स, कैनविस और बुलेवार्ड के कार-पार्किंग एरिया में आवारा कुत्ते दिन-रात जमे रहते हैं और वहीं गंदगी व पोटी फैलाते हैं, जिससे पूरी पार्किंग में भयंकर दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल बना हुआ है। निवासियों के लिए अपनी गाड़ियां पार्क करना और वहां से निकलना तक दूभर हो चुका है।
अभियान के दौरान निवासियों का गुस्सा टाउनशिप के सिक्योरिटी मैनेजमेंट पर भी फूटा। लोगों का सीधा आरोप है कि भारी-भरकम रखरखाव शुल्क (मेंटेनेंस चार्ज) चुकाने के बावजूद मुख्य गेटों पर तैनात सुरक्षा गार्डों के हाथों में न तो डंडे होते हैं और न ही वे आवारा कुत्तों को अंदर घुसने से रोकने की कोई सतर्कता दिखाते हैं। सुरक्षा व्यवस्था की इसी ढिलाई का खामियाजा पूरे वेव एस्टेट को भुगतना पड़ रहा है।
पढ़े-लिखे निवासियों ने समझा मर्म, पहले ही दिन मिला शानदार जनसमर्थन
इस मुहिम की सबसे सुखद तस्वीर यह रही कि वेव एस्टेट के उच्च-शिक्षित और संभ्रांत परिवारों ने प्रधान मनोज शर्मा की इस पहल का पुरजोर समर्थन किया। घर-घर पहुंचे प्रतिनिधियों की बात को लोगों ने न केवल ध्यानपूर्वक सुना, बल्कि अपनी सोसाइटी को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए नियमों का अक्षरशः पालन करने का भरोसा भी दिया। अभियान को पहले ही दिन उम्मीद से कहीं बेहतर और जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है।
बी, सी, डी और ई ब्लॉक में भी जल्द बनेंगे स्पॉट: मनोज शर्मा
’पंजाब दस्तक’ के ब्यूरो चीफ सुरेंद्र राणा से खास बातचीत में वेव एस्टेट के प्रधान मनोज शर्मा ने स्पष्ट किया:
”यह हमारी मुहिम का पहला चरण है जिसकी शुरुआत ए-ब्लॉक से की गई है। यहां मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन के बाद अब बहुत जल्द पूरे वेव एस्टेट के बाकी ब्लॉकों—बी, सी, डी और ई ब्लॉक—में भी यह अभियान पूरी ताकत से चलाया जाएगा। जिस तरह बुलेवार्ड और कैनविस के बाहर दो स्पॉट बनाए गए हैं, उसी तर्ज पर बाकी ब्लॉकों के बाहर भी चिन्हित स्थान तय किए जाएंगे। हमारा संकल्प वेव एस्टेट को आवारा कुत्तों के आतंक से मुक्त, स्वच्छ और आदर्श सोसाइटी बनाने का है।”
”दयालु बनें, जिम्मेदार बनें — अपनी सोसाइटी को स्वच्छ और सुरक्षित रखें।”
(Care, Share & Respect for a Better Tomorrow)
देखते रहिए पंजाब दस्तक — निष्पक्ष, बेबाक और जनहित की सबसे बुलंद आवाज़!
