शिमला (संदीप, वरिष्ठ पत्रकार):
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर उपचुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शिमला जिले के अंतर्गत आने वाली महत्वपूर्ण रामपुर विधानसभा सीट पर अप्रैल से पहले उपचुनाव करवाने की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है, जिससे प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों—कांग्रेस और भाजपा—के खेमों में हलचल बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रहे नंद लाल के निधन के बाद से यह सीट रिक्त चल रही है। नियमों के अनुसार, यदि विधानसभा के कार्यकाल में एक वर्ष से अधिक का समय शेष हो, तो सीट खाली होने के छह महीने के भीतर उपचुनाव करवाना आवश्यक होता है। इसी के चलते आयोग ने समय सीमा के भीतर चुनाव करवाने की कवायद शुरू कर दी है।
आयोग की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अब प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को लेकर कसरत तेज होने की उम्मीद है। वहीं, राजनीतिक दल भी जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश और चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इस उपचुनाव को लेकर सियासी गलियारों में जोड़-तोड़ का दौर अभी से शुरू हो गया है।
देखते रहें पंजाब दस्तक… सच की आवाज, शिमला से वरिष्ठ पत्रकार संदीप की रिपोर्ट।
