पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब में आप व कांग्रेस के गठबंधन पर अंतिम फैसला पार्टी प्रधान मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी लेंगे। जब भी हाईकमान इस मामले पर पंजाब कांग्रेस से बात करेगी तो पंजाब के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं से उन्हें अवगत कराया जाएगा। यह बात पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पटियाला में कही। वे यहां जेल में सुखपाल खैरा से मुलाकात करने पहुंचे थे।
नवजोत सिंह सिद्धू व प्रताप सिंह बाजवा की जुबानी जंग पर वड़िंग ने कहा कि परिवार में ऐसी बातें होती रहती हैं। उन्होंने इस सारे मामले की जानकारी खरगे को दे दी है। आने वाले लोकसभा चुनाव में पंजाब कांग्रेस एकजुट होकर लड़ेगी। सुखदेव सिंह ढींडसा के दोबारा अकाली दल में शामिल होने पर वड़िंग ने कहा कि इस मिलन का कांग्रेस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्हें पता चला है कि ढींडसा शर्त रखेंगे कि सुखबीर सिंह बादल पहले अकाली दल प्रधान पद से त्यागपत्र दें, जो होगा नहीं।
