पंजाब दस्तक डेस्क, शिमला।
नेरवा (चौपाल):
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल चौपाल के तहत आने वाले नेरवा क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। तहसील व थाना नेरवा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पुजारली के दोछी के पास कीरी-नाव सड़क मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई है।
200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दोनों सवारों ने मौके पर तोड़ा दम
’पंजाब दस्तक’ को अभी-अभी मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार (नंबर- HP 08A 8441) कीरी व नाव सड़क मार्ग पर अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 100 से 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान, लोक निर्माण विभाग का कर्मी भी शामिल
हादसे का शिकार हुए दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है:
श्री नरेश कुमार (उम्र करीब 35 वर्ष): पुत्र श्री अनंत राम, निवासी गांव दोछी, डाकघर रुसलाह, तहसील नेरवा, जिला शिमला। बताया जा रहा है कि नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) में बतौर मल्टीटास्क वर्कर कार्यरत थे।
श्री जितेंद्र: पुत्र श्री भाजू राम, निवासी चाड़चधार, ध्वास।
पुलिस और प्रशासन को दी गई सूचना
इस भीषण सड़क हादसे की सूचना तुरंत नेरवा थाना पुलिस को दे दी गई है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रशासन को भी दुर्घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि शवों को खाई से बाहर निकालकर आगामी कानूनी व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को पूरा किया जा सके। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
विशेष अपील: ग्रामीण क्षेत्रों की हर छोटी-बड़ी समस्या, सरकार की गतिविधियों और पल-पल की सटीक व निष्पक्ष खबरें सबसे पहले देखने के लिए जुड़े रहें पंजाब दस्तक के साथ। हमारे पेज को फॉलो करें, लाइक करें और ज्यादा से ज्यादा शेयर करें।
