वोटों की खातिर जनता की गाढ़ी कमाई की खुली बर्बादी; ग्रामीणों की दो-टूक—”चुनावी स्टंटबाजी बंद करे सरकार, 3 महीने में बिखरने वाली घटिया सड़कें नहीं चाहिए”
तलवंडी साबो / बठिंडा (वरिष्ठ पत्रकार, सुरेन्द्र राणा | पंजाब दस्तक):
जिला बठिंडा के ब्लॉक तलवंडी साबो अधीन पड़ते गाँव कोटभारा से रामगढ़ भुंदर को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर हाल ही में बनी नई सड़क प्रशासनिक मिलीभगत, भ्रष्टाचार और आनन-फानन में किए गए चुनावी दिखावे की भेंट चढ़ गई है। सड़क निर्माण कार्य पूरा हुए अभी 24 घंटे का समय भी नहीं बीता था कि स्थानीय ग्रामीणों ने बिना किसी औजार के, केवल हाथों की उंगलियों से पूरी सड़क को पपड़ी की तरह उखाड़ कर रख दिया। विकास के खोखले दावों की धज्जियां उड़ाती इस सड़क को देखकर पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी उबाल है।
बिना बेस तैयार किए बिछा दी तारकोल की पतली चादर, नीचे सिर्फ सूखी रेत व मिट्टी
मौके पर एकत्रित ग्रामीणों ने कैमरे के सामने सड़क उखाड़ते हुए लापरवाह अफसरों और ठेकेदार के नापाक गठजोड़ की पोल खोल दी। ग्रामीणों ने दिखाया कि सड़क बनाने से पूर्व न तो भारी रोलर चलाकर जमीन की कुटाई की गई और न ही पत्थरों व कंक्रीट की मजबूत नींव रखी गई। नीचे सूखी मिट्टी और रेत पर नाममात्र डामर की एक बेहद पतली परत चिपका दी गई, जो इंसानी पैरों के वजन से ही धंस रही है। ग्रामीणों ने तीखा सवाल उठाया कि जब बाजार में निर्माण सामग्री के दाम आसमान छू रहे हैं, तब जनता के खून-पसीने के टैक्स के करोड़ों रुपये इस तरह भ्रष्टाचार की नाली में क्यों बहाए जा रहे हैं?
”सामने चुनाव हैं, वोट बटोरने के लिए जनता की आंखों में धूल न झोंके सरकार”
ग्रामीणों ने हुंकार भरते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते देख सरकार और नेताओं को आनन-फानन में सड़कों की याद आने लगी है। केवल कागजों में काम गिनाने, उद्घाटन के पत्थर लगाने और चुनावी स्टंट रचने के लिए यह घटिया लीपापोती की गई है। ग्रामीणों ने दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी कि हमें ऐसी सड़कें कतई मंजूर नहीं जो तीन महीने बाद ही गड्ढों में तब्दील हो जाएं। अगर सड़क बनानी है तो पूरी मजबूती और तकनीकी मानकों के आधार पर बनाई जाए, चुनावी बाजीगरी के लिए नहीं।
सीएम भगवंत मान, सांसद, स्थानीय विधायक व डीसी से सीधी मांग:
आक्रोशित ग्रामीणों ने पंजाब सरकार और बठिंडा जिला प्रशासन के आला अधिकारियों को सीधी चेतावनी देते हुए मांग की है कि:
घटिया निर्माण करने वाले दागी ठेकेदार का लाइसेंस तुरंत रद्द कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए और उसके सभी बिलों के भुगतान पर तत्काल रोक लगे।
दफ्तरों में बैठकर फाइलों पर हस्ताक्षर करने वाले और मौके से नदारद रहने वाले क्षेत्र के एक्सियन (XEN), एसडीओ (SDO) और जेई (JE) के खिलाफ तुरंत विजिलेंस जांच बिठाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
डीसी बठिंडा स्वयं संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक टीम से सड़क निर्माण सामग्री के लैब सैंपल भरवाएं और पूरे बेस को रोलर व कंक्रीट से मजबूत कर सड़क का नए सिरे से मानक निर्माण कराया जाए।
