हिमकेयर योजना पर जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार को घेरा

सुक्खू सरकार का मॉडल सिर्फ ‘तालाबंदी और बदले की भावना’, हिमकेयर योजना पर जांच का रचा जा रहा नाटक: जयराम ठाकुर

Spread the love

​विशेष रिपोर्ट: ओमांश, वरिष्ठ पत्रकार, नाचन (पंजाब दस्तक)
​नाचन में नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में गरजे नेता प्रतिपक्ष
​बोले— 2027 में हिमाचल में बनेगी भाजपा सरकार, मंडी की सभी 10 और कांगड़ा की 12 सीटें जीतेगी पार्टी
​ब्रिक्स सम्मेलन में दिखा पीएम मोदी के नेतृत्व का दम, विश्व पटल पर मजबूत हुआ भारत का कद


​नाचन/मंडी: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘तालाबंदी और बदले की भावना’ ही सुक्खू गवर्नेंस का मुख्य मॉडल बन चुका है। कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन विकास के मोर्चे पर प्रदेश वहीं ठिठका खड़ा है जहां भाजपा सरकार इसे छोड़कर गई थी।
​नाचन पहुंचने पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार की अगुवाई में नेता प्रतिपक्ष का भव्य स्वागत किया गया। जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जनसेवा के साथ क्षेत्र के विकास में जुटने का आह्वान किया।


​सुप्रीम कोर्ट के दखल से हुए चुनाव, जनता ने नकारा
जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत रीढ़ हैं, लेकिन सुक्खू सरकार ने इन चुनावों को टालने के लिए हर संभव हथकंडे अपनाए। अंततः सुप्रीम कोर्ट के कड़े हस्तक्षेप और भाजपा के संघर्ष के बाद ही यह चुनाव संभव हो सके। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तो पंचायत प्रतिनिधियों को उनके पदों पर देखना ही नहीं चाहते थे, लेकिन जनता ने कांग्रेस को करारी शिकस्त देकर जवाब दे दिया है।


​उन्होंने शिमला जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के कब्जे को लोकतंत्र की बड़ी जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता के दम पर जनप्रतिनिधियों को धमकाने और डराने की पूरी कोशिश की, लेकिन जनता और प्रतिनिधियों ने सुक्खू सरकार के खिलाफ साफ संदेश दे दिया है।


​बदले की भावना से काम कर रही सरकार, हिमकेयर पर बोला झूठ
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रहे हैं। भाजपा के 13 विधायकों और पूर्व विधायकों पर झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं तथा अधिकारियों पर फर्जी मामले बनाने का दबाव बनाया जा रहा है।
​भाजपा कार्यकाल की लोकप्रिय ‘हिमकेयर योजना’ को बदनाम करने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा में 1100 करोड़ के घोटाले का अनर्गल दावा करते रहे, जबकि योजना की शुरुआत से अब तक कुल 850 करोड़ रुपये ही खर्च हुए हैं। चौतरफा फजीहत के बाद अब 100 करोड़ की गड़बड़ी का राग अलापकर पुलिस अधिकारियों को जांच में लगाया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने खुले मंच से चुनौती दी कि मुख्यमंत्री योजना में घोटाला साबित करके दिखाएं, अन्यथा 2027 में भाजपा की सरकार बनते ही इस राजनीति से प्रेरित जांच की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।


​दिल्ली दौरों पर तंज: मंत्री पद की रेस में घूम रहे हताश विधायक
कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्री मुख्यमंत्री को हटाने और विधायक खुद को मंत्री बनवाने के लिए दिल्ली में डेरा डाले रहे, लेकिन हाईकमान और राहुल गांधी ने मिलने का समय तक नहीं दिया। मुख्यमंत्री जनसभाओं में बिना किसी संवैधानिक प्रक्रिया या राजभवन की चिट्ठी के मंत्री पद बांटने की घोषणाएं कर रहे हैं। एक साल से इंतजार में बैठे विधायक हताश हैं; आलम यह है कि एक विधायक तो मुख्यमंत्री के आगे-पीछे घूमते-घूमते दुबले-पतले हो गए हैं।


​2027 में पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार
चुनावी समीकरणों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मंडी जिले ने 2017 और 2022 में भाजपा को भारी जनसमर्थन दिया और 2027 के विधानसभा चुनावों में भी मंडी की सभी 10 की 10 सीटें भाजपा ही जीतेगी। कांगड़ा में भी माहौल पूरी तरह अनुकूल है और पार्टी कम से कम 12 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। शिमला और हमीरपुर जिला परिषद में भाजपा की जीत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले और संसदीय क्षेत्र में भी जनता कांग्रेस को नकार चुकी है, जिससे घबराकर मुख्यमंत्री अब अपने लिए सुरक्षित सीट तलाश रहे हैं।
​इस अवसर पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार ने भी सुक्खू सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया और नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से बिना किसी दबाव में आए पूरी ईमानदारी से जनसेवा करने व भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।


​ब्रिक्स सम्मेलन में भारत का बढ़ा वैश्विक कद: जयराम ठाकुर
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन ने विश्व पटल पर देश के बढ़ते प्रभाव और पीएम मोदी के मजबूत वैश्विक नेतृत्व को एक बार फिर स्थापित किया है। भारत ने विकासशील देशों की आवाज को मजबूती से उठाते हुए निर्णय प्रक्रिया में उनकी अधिक भागीदारी की बात रखी। व्यापार, तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करने के प्रयास भारत के लिए नए अवसर लेकर आएंगे। आज भारत दुनिया में केवल भूमिका निभाने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक एजेंडा तय करने वाली प्रमुख महाशक्ति के रूप में उभर चुका है।


​ऐसी ही सटीक, निष्पक्ष और ग्राउंड रिपोर्ट देखने के लिए बने रहें पंजाब दस्तक के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *