HRTC: पथ परिवहन निगम के परिचालक से सहारनपुर में 325 कारतूस बरामद, प्रबंधन ने किया सस्पेंड

Spread the love

शिमला,सुरेंदर राणा: चंबा से हरिद्वार जा रही सरकारी बस के परिचालक से यूपी पुलिस ने 325 कारतूस बरामद किए हैं। सहारनपुर के सरसावा नामक स्थान के पास यूपी पुलिस ने यह कार्रवाई की। इधर, मामले की सूचना मिलने के बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने परिचालक को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस परिचालक को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को दोपहर 2:30 बजे चंबा से हरिद्वार के लिए निगम की बस रवाना हुई.

देर रात बस सहारनपुर के पास सरसावा नामक स्थान पर यूपी पुलिस ने रोक लिया। बताया जा रहा है कि यूपी पुलिस को गुप्त सूचना थी कि परिचालक अपने साथ कोई संदिग्ध वस्तु ले जा रहा है। पुलिस ने परिचालक से पूछताछ की और तलाशी के दौरान 325 कारतूस बरामद किए। परिचालक से उसे भेजने वाले का नाम पता भी पूछा। इसके बारे में परिचालक ने पुलिस को पूरी जानकारी दी है।

पूछताछ के लिए पुलिस परिचालक को अपने साथ ले गई। बीच रास्ते में बिना परिचालक सवारियों से भरी बस के बारे में चालक मघरदीन ने इसकी जानकारी चंबा के डयूटी इंचार्ज को दी। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक को बताया। उन्होंने चंडीगढ़ में संपर्क करके बस में परिचालक की अस्थायी व्यवस्था करवाई।

इसके बाद सवारियों को लेकर रवाना हुई। पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि परिचालक से यूपी पुलिस ने कारतूस बरामद किए हैं। निगम ने कार्रवाई करते हुए परिचालक को निलंबित कर दिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने दूसरे परिचालकों को बस के साथ भेज दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *