’पंजाब दस्तक’ के लिए समरहिल (शिमला) से ब्यूरो चीफ सुरेंद्र राणा की रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा चतुर्थ श्रेणी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के वित्तीय भुगतानों को अब तक रोके रखने पर पेंशनरों में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्रदेश सरकार द्वारा महीनों पहले जारी अधिसूचना को विश्वविद्यालय में लागू न किए जाने पर हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति ने गहरी चिंता जताई है और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। समिति ने दो-टूक कहा है कि यदि 15 दिनों के भीतर चतुर्थ श्रेणी पेंशनरों का भुगतान नहीं किया गया, तो हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन का जोरदार घेराव किया जाएगा।
सरकारी आदेश के बावजूद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अटका भुगतान: भूपराम वर्मा
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने ‘पंजाब दस्तक’ से बात करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने चतुर्थ श्रेणी के पेंशनरों के भुगतानों की अदायगी के लिए कई महीने पहले ही अधिसूचना जारी कर दी थी। इसके बावजूद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे अब तक ठंडे बस्ते में डाल रखा है। प्रशासन की इस सुस्त और उपेक्षापूर्ण कार्यप्रणाली के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ-साथ वर्तमान चतुर्थ श्रेणी कर्मियों में भी भारी रोष है।
विश्वविद्यालय पेंशन संगठन के साथ मजबूती से खड़ी है संघर्ष समिति
भूपराम वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने आगामी 15 दिनों के भीतर पेंशनरों के बकाये का निपटारा नहीं किया, तो विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ सख्त रणनीति तैयार कर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय पेंशन संगठन के साथ पूरी मजबूती से कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और कर्मचारियों के जायज हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।
कर्मचारियों और पेंशनरों के हकों की हर बुलंद आवाज के लिए पंजाब दस्तक के यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें, फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करें। देखते रहिए पंजाब दस्तक।
