सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक
शिमला (आईजीएमसी):
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन को तबीयत बिगड़ने के बाद शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) के आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी पुरानी कोमा स्ट्रोक हिस्ट्री को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है। अस्पताल में सांसद हर्ष महाजन का सीटी स्कैन किया गया है और डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि उनकी स्थिति पूरी तरह से स्थिर (Stable) है और वे कुशल-मंगल हैं।
हर्ष महाजन की सेहत बिगड़ने की खबर मिलते ही उनके गृह क्षेत्र चंबा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत में फैले उनके समर्थकों और फॉलोअर्स में चिंता की लहर दौड़ गई थी। हालांकि, अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों द्वारा उनकी हालत को पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण में बताए जाने के बाद अब उनके तमाम समर्थकों ने राहत की सांस ली है। वे फिलहाल वरिष्ठ डॉक्टरों की विशेष निगरानी में हैं और उनका उपचार सुचारू रूप से चल रहा है।

इस बीच, सांसद हर्ष महाजन की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर तुरंत इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) पहुंचे। जयराम ठाकुर ने अस्पताल के आईसीयू में जाकर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन से भेंट की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली। जयराम ठाकुर ने हर्ष महाजन का कुशलक्षेम जानने के बाद ईश्वर से प्रार्थना की है कि श्री हर्ष महाजन जी को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और वे पूर्ण स्वस्थ होकर जल्द से जल्द अपने जनसेवा के कार्यों में दोबारा सक्रिय हों।
सांसद हर्ष महाजन का हालचाल जानने के लिए आईजीएमसी अस्पताल में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, वर्तमान विधायकों, पूर्व मंत्रियों और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं का पहुंचना लगातार जारी है। अस्पताल परिसर में उनके चाहने वालों और पार्टी वर्करों की खासी भीड़ देखी जा रही है। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉक्टरों से मिलकर सांसद के स्वास्थ्य का अपडेट लिया है। सभी नेताओं और डॉक्टरों की तरफ से समर्थकों को यह आश्वस्त किया गया है कि सांसद हर्ष महाजन बिल्कुल कुशल-मंगल हैं और किसी को भी चिंता या घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
दूसरी ओर, सोशल मीडिया से लेकर हर स्तर पर सांसद हर्ष महाजन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआओं और शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया है। समूचे उत्तर भारत से उनके फॉलोअर्स और जनता उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए लगातार कमेंट्स और संदेशों के जरिए अपनी शुभकामनाएं भेज रहे हैं।
