मानसून से पहले वार्ड नंबर 41 की समस्याओं के समाधान हेतु मेयर को सौंपा मांग पत्र, बारिश के पानी की निकासी और नालों एवं पार्कों की सफाई की उठाई मांग : गुरप्रीत कौर उभ्भा
मोहाली, 17 जून 2026 :
वार्ड नंबर 41 मोहाली की पार्षद श्रीमती गुरप्रीत कौर उभ्भा एवं उनके पति भाजपा नेता हरदेव सिंह उभ्भा ने आज माननीय मेयर सरबजीत सिंह को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपकर वार्ड की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून सीजन को देखते हुए प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गुरप्रीत कौर उभ्भा ने बताया कि वार्ड के अंतर्गत आने वाले गांव संभालकी, नानू माजरा, प्रीत सिटी सेक्टर-86, वेव एस्टेट सेक्टर-85 तथा सेक्टर-88 के निवासी लंबे समय से टूटी सड़कों, सफाई व्यवस्था की कमी, स्ट्रीट लाइटों की समस्या, पार्कों के खराब रखरखाव, सीवरेज व्यवस्था की कमियों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मानसून के मौसम में बारिश के पानी की निकासी सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। इसलिए नालों और ड्रेनों की तत्काल सफाई करवाई जाए, जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर उनका स्थायी समाधान किया जाए तथा वर्षा जल निकासी के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को मानसून से पहले ही पूरी तैयारी करनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
गुरप्रीत कौर उभ्भा ने कहा,
“मेरा उद्देश्य केवल और केवल लोगों की समस्याओं का समाधान करवाना तथा वार्ड नंबर 41 के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। मुझे उम्मीद है कि प्रशासन इन मांगों पर जल्द और प्रभावी कार्रवाई करेगा।”
उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनकी प्राथमिकता है और वह वार्डवासियों की हर समस्या को पूरी गंभीरता के साथ उठाती रहेंगी।
