पंजाब दस्तक; पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद एक और दिल दहलाने वाला हत्याकांड सामने आया है। पुलिस के अलर्ट के दौरान बधनीकलां मे दिनदहाड़े दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे छह लोगों ने तेजधारदार हथियारों से हमला कर 28 साल के देसराज का सिर काटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने उसके पैर भी काट दिए। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जहां हत्या की गई, वहां चहल-पहल थी लेकिन किसी ने देसराज को बचाने का प्रयास नहीं किया। वह मजदूरी करता था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। करीब 10-12 मिनट तक हत्यारों ने इस हृदय विदारक वारदात को अंजाम दे दिया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही बधनीकलां थाना है लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब 25 मिनट लग गए।
28 वर्षीय देसराज पुत्र बूटा सिंह बधनीकलां का ही रहने वाला था और शुक्रवार की शाम साढ़े पांच बजे बाजार में बरनाला रोड पर गया था। इसी बीच दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे छह लोगों ने देसराज को देखते ही उस पर तेज धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। एक ने देसराज के गले को काट दिया। गला धड़ से अलग तो नहीं हुआ लेकिन कटकर लटक गया। हत्यारे रुके नहीं और उन्होंने देसराज के पैरों को भी काट दिया। जब देसराज की सांसे बंद हो गईं तो वे मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए।
