पंजाब दस्तक न्यूज़ रूम, चंडीगढ़
सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक
चंडीगढ़: पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स द्वारा आज 27 अगस्त को बुलाई गई राज्यव्यापी महाहड़ताल को लेकर जनता में फैले संशय और असमंजस को दूर करने के लिए पंजाब दस्तक के ब्यूरो चीफ सुरेंद्र राणा ने मुलाजिम मंच के कोऑर्डिनेटर सुखचैन खैरा से दूरभाष पर विस्तृत बातचीत की।
खैरा ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करते हुए बताया कि आम जनता की निजी आवाजाही या बाज़ारों पर कोई रोक नहीं होगी, लेकिन सरकारी मशीनरी सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पूरी तरह ठप रहेगी।
सुरेंद्र राणा (ब्यूरो चीफ) और सुखचैन खैरा (कोऑर्डिनेटर, मुलाजिम मंच) के बीच हुई सीधी बातचीत के मुख्य अंश:
सवाल (सुरेंद्र राणा): खैरा साहब, सबसे पहले यह साफ करें कि क्या सड़कों पर आवाजाही रहेगी, दुकानें खुली रहेंगी या नहीं? पंजाब बंद को लेकर जनता में भारी असमंजस है।
जवाब (सुखचैन खैरा): राणा साहब, बिल्कुल नहीं! यह कोई चक्का जाम या बाज़ार बंद नहीं है। इसे ‘महाहड़ताल’ का नाम दिया गया है, जिसमें पंजाब सरकार के सारे दफ्तर बंद रहेंगे। कोई रोड ब्लॉक नहीं किया जाएगा, न ही कोई दुकान या बाज़ार बंद कराया जाएगा। कर्मचारियों की ताकत सरकारी मशीनरी है, इसलिए हमने सरकारी तंत्र का काम ठप किया है। सचिवालय, डायरेक्टरेट, डीसी दफ्तर, एसडीएम दफ्तर, पटवारखाने, ओपीडी और बिजली विभाग के सारे विंग्स बंद रहेंगे। पंजाब सरकार के करीब 3 लाख कर्मचारी हड़ताल पर हैं, पर बाज़ार बंद से हमारा कोई लेना-देना नहीं है।
सवाल (सुरेंद्र राणा): अगर किसी आम नागरिक को सफर करना हो, दिल्ली जाना हो या प्राइवेट ऑफिस जाना हो, तो क्या सड़कें और टोल प्लाजा खुले हैं?
जवाब (सुखचैन खैरा): बिल्कुल खुले हैं। किसी भी तरह का कोई रास्ता बंद नहीं है। प्राइवेट गाड़ियां, टैक्सियां और प्राइवेट बसें सामान्य रूप से चलेंगी। ट्रेनें अपने समय पर चलेंगी। सिर्फ पंजाब रोडवेज और पेप्सू (PRTC) की सरकारी बसें बंद रहेंगी। इसके अलावा केंद्र सरकार के दफ्तर और चंडीगढ़ प्रशासन के सभी ऑफिस पूरी तरह खुले रहेंगे। सिर्फ पंजाब सरकार से जुड़े संस्थान, स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज बंद रहेंगे।
सवाल (सुरेंद्र राणा): हलवाई, करियाना, कपड़े या अन्य दुकानदारों को लेकर क्या स्थिति है? क्या उन्हें काम करने दिया जाएगा?
जवाब (सुखचैन खैरा): बिल्कुल, सभी दुकानदार अपना काम बिना किसी डर के कर सकते हैं। हमारा मकसद आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि सरकार पर दबाव बनाना है ताकि वह हमारी जायज मांगें सुने। हर तरह की दुकानें सामान्य रूप से खुली रहेंगी। किसी भी नागरिक को हमारी वजह से असुविधा नहीं होगी।
सवाल (सुरेंद्र राणा): क्या आज लोगों को अपने सरकारी दफ्तरों से जुड़े जरूरी काम, कागजी कार्रवाई या रजिस्ट्री वगैरह स्थगित करनी पड़ेंगी? कर्मचारी कहां-कहां प्रदर्शन कर रहे हैं?
जवाब (सुखचैन खैरा): जी हां, आम जनता को आज अपने सरकारी काम आगे टालने पड़ेंगे। किसी को पटवारखाने से कोई फर्द या कागज लेना हो, डीसी दफ्तर या सेक्रेटेरिएट में कोई काम हो, आज कुछ नहीं होगा। सारा स्टाफ सामूहिक अवकाश लेकर जिला मुख्यालयों और डीसी दफ्तरों के बाहर धरने पर बैठेगा। पंजाब सिविल सचिवालय वाले नीचे धरना देंगे और चंडीगढ़ के सभी डायरेक्टरेट्स के कर्मचारी सेक्टर-17 में प्रदर्शन करेंगे। हमारे सभी रिटायर्ड साथी भी इसमें शामिल हो रहे हैं। इस तरह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 8 लाख कर्मचारी और पेंशनर्स इस हड़ताल का हिस्सा हैं।
सवाल (सुरेंद्र राणा): सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी यूनिवर्सिटीज को लेकर क्या फैसला है?
जवाब (सुखचैन खैरा): एजुकेशन से जुड़े सभी संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे। चाहे गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (GNDU) हो, पीटीयू (PTU), पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) लुधियाना हो, पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला हो या अन्य सरकारी यूनिवर्सिटीज और उनसे एफिलिएटेड कॉलेज—सब बंद रहेंगे। सभी अध्यापक जत्थेबंदियों ने मिलकर फैसला लिया है कि राज्य के सभी सरकारी स्कूल भी पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। यह हड़ताल सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
सुरेंद्र राणा: पूरी स्थिति स्पष्ट करने और पंजाब दस्तक को समय देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद खैरा साहब।
सुखचैन खैरा: शुक्रिया राणा साहब।
पंजाब दस्तक की अपील:
पंजाब दस्तक अपने सभी दर्शकों और पंजाब की जागरूक जनता से अपील करता है कि आज सरकारी दफ्तरों, तहसीलों, पटवारखानों या सरकारी शिक्षण संस्थानों का रुख न करें, क्योंकि वहां कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। अपने जरूरी सरकारी काम अगले दिनों के लिए री-शेड्यूल कर लें।
सटीक, निष्पक्ष और सबसे तेज़ खबरों के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक।
ताज़ा अपडेट्स पाने के लिए हमारे चैनल को सब्सक्राइब करें, लाइक करें और फॉलो करें।
पंजाब दस्तक — आपका अपना चैनल

