रमेश वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार, पंजाब दस्तक
कुल्लू: लाहौल-स्पीति की बर्फ से लकदक चोटियों और वादियों ने सर्दियों के मौसम में भी सैलानियों को अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया है। रोहतांग और कुंजुम दर्रे समेत ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद लाहौल में पर्यटन गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। अटल टनल रोहतांग के जरिए सैलानी कम वक्त में बर्फीले नजारों का लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों और क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिल रही है।
पर्यटकों की आमद से स्थानीय लोगों और छोटे कारोबार को संबल
सैलानियों की बढ़ती आवाजाही का सीधा असर जमीनी स्तर पर रोजगार और कारोबार पर दिख रहा है। स्थानीय कारोबारी काफी खुश हैं, वहीं क्षेत्र के अन्य स्थानीय लोगों को भी अच्छा रोजगार मिलने से राहत मिली है। घुड़सवारों से लेकर सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों, छोटे ढाबा संचालकों तथा चाय-बिस्कुट और अन्य छोटे-छोटे काम-धंधे करने वालों के चेहरे पर्यटकों की चहल-पहल से खिल उठे हैं। पर्यटन नगरी हिमाचल प्रदेश के लिए यह रौनक सर्दियों में भी आर्थिक गतिविधियों को नई गति दे रही है।
एक सप्ताह में 21 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही
अटल टनल से होकर गुजरने वाले वाहनों के आंकड़े पर्यटन की इस बढ़ती रफ्तार की गवाही दे रहे हैं। 15 से 21 नवंबर के बीच महज सात दिनों में लगभग 21,000 से अधिक वाहन टनल पार कर लाहौल-स्पीति पहुंचे, यानी रोजाना औसतन करीब 3,000 वाहनों की आवाजाही रही। सप्ताह के शुरुआती दो दिनों में ही सैलानियों की बड़ी संख्या पहुंची और 9,450 से ज्यादा वाहन टनल से गुजरे। 15 नवंबर को सबसे अधिक करीब 5,200 और 16 नवंबर को लगभग 4,275 वाहन लाहौल पहुंचे। इसके बाद 17 नवंबर को 2,562, 18 नवंबर को 2,421, 19 नवंबर को 2,182 तथा 20 नवंबर को सबसे कम करीब 1,980 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। वहीं 21 नवंबर को एक बार फिर रफ्तार बढ़ी और 2,092 वाहन लाहौल पहुंचे।
बेहतर नेशनल हाईवे और टनल से मिली नई उड़ान
अटल टनल ने लाहौल के पर्यटन को सर्दियों में भी नई पहचान दी है, जहां हजारों सैलानी टनल का दीदार करने के साथ हिमालय की बर्फीली वादियों को करीब से देख रहे हैं। बेहतर और आकर्षक नेशनल हाईवे की वजह से सफर आसान और सुहाना बना है, जिसके चलते आने वाले दिनों में लाहौल की वादियों में पर्यटकों की आमद और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
देखते रहें पंजाब दस्तक, सच की आवाज। सब्सक्राइब करें, फॉलो करें पंजाब दस्तक।
