सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ
मंडी: वर्षों तक दिन-रात और हर मौसम में लोगों को मंजिल तक पहुंचाने वाले हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के सेवानिवृत्त कर्मियों को अब ढलती उम्र में अपने हक के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। लंबे समय से अटके महंगाई भत्ते (डीए) और अन्य आर्थिक लाभों की मांग को लेकर पेंशनरों ने 27 नवंबर को शिमला स्थित निगम मुख्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में मंडी इकाई से 300 से अधिक सदस्य शामिल होंगे। यह निर्णय रविवार को मंडी के सीनियर सिटीजन भवन में आयोजित HRTC पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की मंडी इकाई की कार्यकारी बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष अनूप कपूर ने की।
त्योहारों और छुट्टियों में भी दी सेवा, बुढ़ापे में संघर्ष
बैठक के दौरान वक्ताओं ने उन दिनों को याद किया जब ये कर्मी बिना किसी छुट्टी के—चाहे रविवार हो या कोई अन्य दिन—लगातार सेवाएं देते रहे। कभी रात में शिमला से निकलकर अलग-अलग ठिकानों पर रात और दिन गुजारना, तो कभी दिल्ली, देहरादून, चंबा-भरमौर से लेकर ऊंचे किन्नौर तक कठिन मार्गों पर बसों का संचालन करना इनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा। जब लोग घरों में त्योहार मनाते थे, तब ये कर्मी यात्रियों को लाने-ले जाने में जुटे रहते थे। आज वही कर्मी, जिनमें 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग भी शामिल हैं, अपने अधिकारों के लिए विरोध-प्रदर्शन की राह पर हैं।
9,000 पेंशनरों की अनदेखी, 700 करोड़ की देनदारी
पदाधिकारियों ने परिवहन मंत्री और निगम प्रबंधन पर प्रदेश के करीब 9,000 पेंशनरों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि दिवाली के अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा की गई थी, लेकिन HRTC पेंशनरों को इससे बाहर रखा गया। संघ के मुताबिक पेंशनरों की कुल वित्तीय देनदारियां लगभग 700 करोड़ रुपये तक पहुंच गई हैं और वर्ष 2022 से एरियर के रूप में कोई भुगतान नहीं हो सका है। पेंशनरों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से हस्तक्षेप कर तुरंत 5 प्रतिशत डीए जारी करने की मांग की है।
देखते रहें पंजाब दस्तक, सच की आवाज।
