ब्यूरो चीफ: सुरेन्द्र राणा, चंडीगढ़/मोहाली
पंजाब पुलिस के मुखिया को लेकर चल रही सभी औपचारिक प्रक्रियाओं पर पंजाब सरकार ने आज मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को पंजाब का नियमित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त करने के आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरव यादव जुलाई 2022 से राज्य के कार्यवाहक डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार अब उनका यह कार्यकाल पदभार ग्रहण करने से कम से कम दो वर्ष का रहेगा।
पक्के डीजीपी की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार ने संघ लोक सेवा आयोग को वरिष्ठ अधिकारियों की सूची भेजी थी। आयोग द्वारा वरिष्ठता और सेवा रिकॉर्ड के आधार पर 1992 बैच के तीन अधिकारियों का पैनल तय किया गया, जिसमें गौरव यादव, हरप्रीत सिंह सिद्धू और डॉ. शरद सत्य चौहान के नाम शामिल थे। राज्य सरकार ने गौरव यादव के पिछले कार्यकाल, कानून-व्यवस्था पर पकड़ और नशा तस्करों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाइयों को देखते हुए उनके नाम को अंतिम मंजूरी दी।
गौरव यादव का जन्म 16 अप्रैल 1969 को उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक प्रतिष्ठित फौजी परिवार में हुआ। उनके पिता कर्नल भगवती प्रसाद यादव (सेवानिवृत्त) सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और परास्नातक के बाद पुलिस प्रशासन में उच्च शिक्षा हासिल की। वर्ष 1992 में भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होने के बाद वे राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के श्रेष्ठ प्रोबेशनर भी रहे। वे पंजाब के पूर्व डीजीपी पी.सी. डोगरा के दामाद हैं।
अपने तीन दशकों से अधिक के सेवाकाल में गौरव यादव ने जालंधर, अमृतसर और होशियारपुर जैसे कई प्रमुख जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कानून-व्यवस्था संभाली। इसके अलावा वे पंजाब पुलिस के खुफिया और आतंकवाद-रोधी विंग के प्रमुख रहे तथा मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष प्रधान सचिव का महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व भी निभा चुके हैं।
डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान और सख्त कार्रवाइयां अमल में लाई हैं। नियमित डीजीपी की तैनाती के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था, कानून का राज और अमन-शांति बनाए रखने के अभियानों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
सटीक, निष्पक्ष और बेबाक खबरों के लिए लगातार देखते रहें — पंजाब दस्तक!
