सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू का रामपुर और रोहड़ू दौरा

सीएम सुक्खू का रामपुर और रोहड़ू दौरा: 232.93 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, जांगलिक सड़क 10 दिन में बहाल करने का फरमान, पुल निर्माण को 4 करोड़ का बड़ा ऐलान

Spread the love

​विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: राजेंद्र नेगी (वरिष्ठ पत्रकार)


पंजाब दस्तक ब्यूरो, रोहड़ू / रामपुर:
​हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के अपने दौरे के दौरान विकास और आपदा राहत को लेकर आक्रामक रुख दिखाया। एक तरफ जहां रामपुर बुशहर विधानसभा क्षेत्र को 232.93 करोड़ रुपये की 28 बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिली, वहीं रोहड़ू के दुर्गम क्षेत्र तांगणू-जांगलिक में भूस्खलन से जूझ रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में कोताही बरतने वाले अफसरों को सख्त हिदायत दे डाली।


​ग्राउंड जीरो पर एक्शन मोड में दिखे मुख्यमंत्री
रोहड़ू के दूरदराज और संवेदनशील माने जाने वाले तांगणू-जांगलिक क्षेत्र में पहुंचे मुख्यमंत्री ने भूस्खलन से तबाह हुई सड़क का खुद जायजा लिया। सेब सीजन और ग्रामीणों की आवाजाही को देखते हुए सीएम ने लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन को दो-टूक फरमान सुनाया कि बंद पड़ी सड़क को युद्धस्तर पर काम लगाकर अगले 10 दिनों के भीतर हर हाल में बहाल किया जाए। इस दौरान स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा भी सीएम के साथ मौजूद रहे।


​पुल और संपर्क मार्गों के लिए खुले सरकार के खजाने
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जांगलिक पुल के शेष कार्य को तेज गति से पूरा करने के वास्ते 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही भूस्खलन की मार झेल रहे थैंटवाड़ी क्षेत्र के संपर्क मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा कार्यों के लिए मौके पर ही 2 करोड़ रुपये जारी करने का ऐलान किया।


​रामपुर को 232.93 करोड़ की 28 सौगातें
दौरे के दूसरे अहम पड़ाव में मुख्यमंत्री ने शिंगला हेलीपैड से रामपुर क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य, सड़क नेटवर्क, शिक्षा और पेयजल से जुड़ी 28 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार दूरदराज और जनजातीय सीमा से सटे इलाकों में बुनियादी ढांचा मजबूत करने और आपदा प्रभावितों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।


​ऐसी तमाम ताज़ा और ज़मीनी खबरें देखने के लिए हमारे चैनल ‘पंजाब दस्तक’ को सब्सक्राइब करें, फॉलो करें और शेयर करें। निष्पक्ष और धारदार पत्रकारिता के लिए देखते रहें ‘पंजाब दस्तक’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *