सुजानपुर (हमीरपुर)
वरिष्ठ पत्रकार: उमांशी राणा
सुजानपुर मंडल के तहत ग्राम पंचायत डेरा के टिक्कर गांव में आयोजित गुग्गा नवमी के पावन अवसर पर राजपूत कल्याण सभा (सुजान पटीरा) के पदाधिकारियों ने शिरकत की। पदाधिकारियों ने गुग्गा जाहरवीर के दरबार में शीश नवाया और विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। हिंदू धर्म में गुग्गा नवमी के दिन गुग्गा छतरी की पूजा-अर्चना का विशेष धार्मिक महत्व है, जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी श्रद्धा और उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान राजपूत कल्याण सभा के पदाधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ सामान्य वर्ग से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया। बैठक में विशेष रूप से यूजीसी और आर्थिक आधार पर आरक्षण सहित सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई। इस मौके पर पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, पूर्व प्रधान राजेंद्र ठाकुर, सभा के अध्यक्ष जोगिंदर ठाकुर, महासचिव अजय रानौत, सदस्य यशपाल, महेंद्र भारद्वाज और रवि ठाकुर सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार साझा किए।
14 सितंबर को NIT हमीरपुर में गूंजेंगे वैदिक मंत्र
राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष एवं आर्ट ऑफ लिविंग हमीरपुर के जिला सह-मीडिया प्रभारी जोगिंदर ठाकुर ने ‘पंजाब दस्तक’ को विशेष जानकारी देते हुए बताया कि आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आगामी सोमवार, 14 सितंबर 2026 को सायं 5:00 बजे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) हमीरपुर परिसर में भव्य ‘रुद्र पूजा’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस आध्यात्मिक आयोजन में आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ शिक्षक अविनाश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय केंद्र, बेंगलुरु से पधारे प्रकांड विद्वान पंडित वैदिक मंत्रोच्चार और संपूर्ण विधि-विधान के साथ इस रुद्र पूजा को संपन्न करवाएंगे।
आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम
भारतीय वैदिक परंपरा में भगवान शिव के रुद्र स्वरूप की आराधना का विशेष महत्व है। आयोजकों के अनुसार, ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों का मुख्य उद्देश्य व्यक्ति को मानसिक रूप से शांत, सकारात्मक व ऊर्जावान बनाना और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा शांति की भावना को सुदृढ़ करना है।
जोगिंदर ठाकुर ने हमीरपुर और आसपास के सभी श्रद्धालुओं, आर्ट ऑफ लिविंग के साधकों व धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन रुद्र पूजा में भाग लें और वैदिक मंत्रों की दिव्य ऊर्जा का लाभ उठाएं।
सच्ची, निष्पक्ष और जमीनी खबरों के लिए ‘पंजाब दस्तक’ के यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज को लाइक, शेयर और फॉलो करें। ‘पंजाब दस्तक’ — आपकी आवाज, जनता की आवाज, जन-जन की आवाज। यदि आपके पास भी है कोई जनहित से जुड़ी समस्या या खबर, तो हमें भेजें; हम बनेंगे आपकी आवाज और पहुंचाएंगे प्रशासन व सरकार तक।

