12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में कांगड़ा का डंका, अंशित ने पूरे प्रदेश भर में किया टॉप

Spread the love

कांगड़ा, ओमांश:हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 12वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इस परीक्षा में सुलह विधानसभा क्षेत्र के गुग्गा सलोह निवासी अंशित कुमार ने पूरे प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भवारना के अंशित ने कला संकाय में 500 में से 496 अंक लेकर यह मुकाम हासिल किया है। अंशित कुमार ने 99.2% अंक हासिल किए हैं।

अंशित के पिता लवेश कुमार निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं जबकि माता निशा कुमारी गृहणी हैं। अंशित बचपन से ही होनहार छात्र रहे हैं और दसवीं में इन्होंने 700 में से 674 अंक हासिल किए थे। अंशित ने बताया कि वह बड़े होकर आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन 5 से 6 घंटे की पढ़ाई करते थे और आज इसका परिणाम सबके सामने है।आजकल के दौर में जहां युवा पीढ़ी मोबाइल फोन की ओर आकर्षित होती है तो वहीं अंशित दिन में केवल 1 से डेढ़ घंटा ही फोन चलाते थे।

उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को दिया है। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भवारना के प्रधानाचार्य अजय भाटिया तथा सभी शिक्षकवर्ग ने अंशित को पूरे राज्य में प्रथम आने पर बधाई दी है।12वीं कक्षा के नतीजे पर मुख्यमंत्री का बयान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में सफल हुए सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आपके परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का सुखद परिणाम है। इस सफलता के पीछे अभिभावकों और शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, उनके प्रति आभार। जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, वे निराश न हों- निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और धैर्य के साथ आगे बढ़ें, सफलता अवश्य प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *