ऊना, मीनाक्षी:जिला ऊना जल शक्ति विभाग में कार्यरत एक जूनियर इंजीनियर को बीआरसी भुगतान रोकने के चलते सस्पेंड कर दिया है। उक्त इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस सर्व करने और तुरंत सर्किल ऑफिस में भेजने के आदेश भी दिए गए हैं। साथ ही जूनियर इंजीनियर से सात दिन के भीतर जवाब मांगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लॉक रिसोर्स को-ऑर्डिनेटर्स (बीआरसीएस) को लंबे समय से वेतन का भुगतान नहीं किया गया, जबकि इसके लिए पर्याप्त धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी थी। जल जीवन मिशन के तहत अक्तूबर 2025 से मार्च 2026 तक के भुगतान के लिए करीब 1.10 करोड़ रुपए जारी किए गए थे। इनमें से 8.40 लाख रुपए विशेष रूप से ऊना के खाते में बीआरसीएस के भुगतान के लिए भेजे गए थे, लेकिन इसके बावजूद भुगतान लंबित रहा। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए विभाग ने सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर ऊना को निर्देश दिए हैं कि संबंधित जूनियर इंजीनियर को तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
साथ ही, उनसे सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है कि उनके खिलाफ निलंबन जैसी अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। इसके साथ ही सभी लंबित भुगतान तुरंत जारी किए जाएं और दस दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उधर, अधीक्षण अभियंता ई. नरेश धीमान ने कहा कि इस मामले को लेकर उचित कार्रवाई की जा रही है। जूनियर इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस सर्व किया जाएगा। उसे तुरंत सर्किल ऑफिस में भेज दिया गया है।
