एंट्री टैक्स विवाद पर गरमाई सियासत, जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, कहा- सुखविंदर सिंह नहीं बन पा रहे सुक्खू

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा- हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स को लेकर बढ़ते विवाद और विरोध-प्रदर्शनों के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बने हालात गंभीर हैं और सरकार को तुरंत इस पर संज्ञान लेना चाहिए। मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने बताया कि एंट्री टैक्स के मुद्दे पर हिमाचल और अन्य राज्यों के लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। खासकर बॉर्डर इलाकों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिन करीब ढाई घंटे तक प्रदर्शन चला और लगभग चार घंटे तक हाईवे जाम रहा। नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि सुक्खू अब तक सुखविंदर सिंह नहीं बन पाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने हालात और बिगाड़ने की चेतावनी भी दी है।जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार के बिना सोचे-समझे फैसलों के कारण ही यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से अपील की कि वे इस मामले पर पुनर्विचार करें और सौहार्दपूर्ण समाधान निकालें। जयराम ठाकुर ने कहा कि एंट्री टैक्स का विरोध टूरिज्म सेक्टर, टैक्सी यूनियनों और पड़ोसी राज्य पंजाब के लोगों द्वारा भी किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो पंजाब से लगने वाले एंट्री प्वाइंट्स पर हिमाचल के वाहनों को रोका जा सकता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि छोटे वाहनों की एंट्री फीस में लगभग 234 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पहले यूटिलिटी वाहनों को दी जाने वाली छूट अब समाप्त कर दी गई है। इसका सीधा असर किसानों, बागवानों और सब्जी उत्पादकों पर पड़ेगा। नेता प्रतिपक्ष ने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री को पंजाब के मुख्यमंत्री से बातचीत कर इस मुद्दे का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बढ़ता तनाव प्रदेश के हित में नहीं है।

कार्यकारी मुख्य सचिव संजय गुप्ता पर लगे आरोपों के संदर्भ में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मामले की जानकारी न होने की बात कहना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि सरकार जिम्मेदार अधिकारियों से रिपोर्ट लेकर आवश्यक कार्रवाई करे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और स्थिति चिंताजनक होती जा रही है।जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार की कार्यशैली से प्रदेश का भला नहीं होगा और भाजपा हर परिस्थिति में सरकार की नीतियों का विरोध करती रहेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को कुछ अधिकारी चला रहे हैं। उन्होंने ग़लत काम करने वाले अधिकारियों को बीजेपी सरकार आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *