कुल्लू, काजल। अटल टनल रोहतांग के पास एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो गई है। सुबह से जिला कुल्लू और लाहुल-स्पीति में मौसम ने करवट बदल ली है। साउथ पोर्टल में बर्फबारी शुरू होने से पर्यटकों को रोक दिया गया है। सुबह आठ बजे से फोर वाई फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने सभी लोगों से अपील की है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर यात्रा न करें। साथ ही मौसम एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन अवश्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं, जिला कुल्लू में बारिश का दौर शुरू हो गया है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में रविवार को अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तीन अप्रैल त प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।प्रदेश में एक सप्ताह तक बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 29 मार्च से 3 अप्रैल तक बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, 1 अप्रैल को उच्च पर्वतीय कुछ क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 31 मार्च को कुछ स्थानों पर और 29, 30 मार्च और 2, 3 अप्रैल को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। 29-30 मार्च और 2 व 3 अप्रैल को 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की संभावना है।
