शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश स्टेट एक्स पैरा मिलिट्री कोऑर्डिनेशन एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदेश में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।
एसोसिएशन ने कहा है कि विधानसभा में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन की ऐतिहासिक घोषणा से लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है। यह निर्णय अर्धसैनिक बलों के जवानों, वीर नारियों और शहीदों के परिजनों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
यह बहुप्रतीक्षित और सराहनीय फैसला प्रदेश के अर्धसैनिक समुदाय के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और इससे उनके परिवारों में नई आशा और विश्वास का संचार होगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डीआईजी वी.के. शर्मा (सेवानिवृत्त) सहित सभी पदाधिकारियों, जिला व तहसील इकाइयों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सरकार का आभार जताया है।
साथ ही, केवल सिंह पठानिया के विशेष प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि उन्होंने विभिन्न स्तरों पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाया और इसे साकार करने में अहम भूमिका निभाई।
एसोसिएशन ने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया है।
