शिमला में बाहरी राज्यों की वोल्वो बसों की मनमानी पार्किंग पर भड़की एचआरटीसी ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन, ओल्ड बस स्टैंड पर प्रदर्शन और किया चक्का जाम

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: राजधानी शिमला में बाहरी राज्यों से आने वाली वोल्वो बसों की कथित मनमानी पार्किंग के खिलाफ एचआरटीसी ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के बैनर तले ड्राइवरों और कंडक्टरों ने वीरवार को ओल्ड बस स्टैंड शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया और इसके विरोध में बस स्टैंड में चक्का जाम भी किया।

यूनियन का आरोप है कि बाहरी राज्यों से आने वाली वोल्वो बसें शहर में सड़क किनारे और एचआरटीसी की निर्धारित पार्किंग जगहों पर खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे निगम की बसों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने बताया कि इस समस्या को लेकर करीब एक सप्ताह पहले एचआरटीसी प्रबंधन, डीसी शिमला और एसपी को अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिमला में क्रॉसिंग से लेकर लालपानी तक सुबह 4 बजे से देर रात तक बाहरी राज्यों की वोल्वो बसें एचआरटीसी की पार्किंग जगहों पर खड़ी कर दी जाती हैं। कहा कि यह बसें जगह-जगह सवारिया उठाती है
उन्होंने कहा कि लंबी दूरी से आने वाली एचआरटीसी बसों को जगह तक नहीं मिलती, जिससे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। मानसिंह ठाकुर ने कहा कि इस मुद्दे को कई बार प्रशासन और निगम प्रबंधन के सामने उठाया गया है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।उन्होंने यह भी कहा कि हाई कोर्ट के आदेश के बाद एचआरटीसी के लिए पार्किंग की जगह निर्धारित की गई थी, लेकिन उसके बावजूद उन स्थानों पर बाहरी राज्यों की वोल्वो बसें खड़ी रहती हैं। यहां पर प्राइवेट या टैक्सी खड़ी हो तो बात माने लेकिन इन वोल्वो बसों को यहां पार्क करना और उसे पर कार्यवाही न करना कई सवाल खड़े करता है। इसी के विरोध में यूनियन को आज धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करना पड़ा। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में फिर से बड़ा आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *