दिल्ली,पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी जंग ने जहां पूरी दुनिया की सांसें अटका दी हैं, वहीं भारत में ईंधन की किल्लत को लेकर उड़ रही अफवाहों पर केंद्र सरकार ने बड़ा अपडेट दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देशवासियों को बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया है कि रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है। एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के महज अढ़ाई दिन के भीतर डिलीवरी आपके घर तक सुनिश्चित की जाएगी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से स्पष्ट किया गया कि अंतरराष्ट्रीय उथल-पुथल के बावजूद हमारी सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है। मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी सुजाता शर्मा ने आंकड़ों के साथ जानकारी देते हुए बताया कि भारत की दैनिक खपत लगभग 55 लाख बैरल कच्चे तेल की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि फिलहाल सप्लाई को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।सरकार स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और वर्तमान में भारत के दो बड़े तेल टैंकर (शिप) समुद्र के रास्ते में हैं, जो कुछ ही समय में भारतीय बंदरगाहों पर लंगर डालेंगे। यह इस बात का प्रमाण है कि वैश्विक युद्ध के बीच भी भारत का लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मजबूती से काम कर रहा है। सरकार ने जनता से विशेष अपील की है कि वे घबराहट में आकर ईंधन की बुकिंग या खरीददारी न करें। यह एक वैश्विक चुनौती जरूर है, लेकिन भारत की ऊर्जा सुरक्षा पुख्ता है। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि लोग अफवाहों से बचें और अनावश्यक भंडारण न करें, क्योंकि पैनिक बुकिंग से व्यवस्था पर बेवजह दबाव बढ़ता है।
