शिमला, सुरेन्द्र राणा: प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में आज से रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आईजीएमसी पहुंचकर रोबोटिक सर्जरी का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रोबोटिक तकनीक से की जा रही गॉल ब्लैडर की सर्जरी को भी देखा और डॉक्टरों से इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तकनीक से ऑपरेशन करवाने वाले मरीजों के लिए शुल्क भी निर्धारित किया गया है, जिससे मरीजों को आधुनिक उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि सामान्य वार्ड में रोबोटिक सर्जरी के लिए 30 हजार रुपये खर्च होंगे, जबकि स्पेशल वार्ड लेने वाले मरीजों को इसके लिए करीब 50 हजार रुपये देने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू कर दी गई है और आने वाले समय में अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी इसे शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम केयर कार्ड में रोबोटिक सर्जरी मिले इसके लिए रिपोर्ट मंगाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत कर दी है। आने वाले वक़्त में हमीरपुर में भी रोबोटिक सर्जरी शुरू कर दी जाएगी।
वहीं इजरायल ईरान युद्ध से प्रभावित हुईं LPG की सप्लाई के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि LPG की कमी को लेकर केंद्र सरकार ने चिंता जताई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि LPG आपूर्ति केंद्र सरकार के अधीन आती है और वे इसे देख रहे हैं।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में तीसरे मोर्चे को लेकर उठे सियासी हलचल पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे की संभावना हमेशा से रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लंबे वक़्त से कह रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी पांच गुटों में बंटी हुई है। कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन दिनों सिर्फ़ दोषारोपण के काम में लगी हुई है। भाजपा ने न तो आपदा के दौरान प्रदेश का साथ दिया और न ही रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट की बहाली के लिए। भाजपा से पर सोशल मीडिया के ज़रिए राजनीति में लगी है।
