शिमला, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में छात्र संगठनों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच सोमवार को झड़प के दौरान एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छात्र को पेट में गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। वहीं आरोपी छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से एचपीयू परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह छात्र गुटों के बीच पहले झगड़ा हुआ। इसके बाद दोपहर के समय विधि विभाग के बाहर एक बार फिर छात्र आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी परिसर में हुई। थाना बालूगंज को फोन के जरिए सूचना मिली थी कि लॉ फैकल्टी के पास दो छात्र गुटों के बीच झगड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत विश्वविद्यालय परिसर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता मुकेश कुमार का बयान दर्ज किया है। मुकेश कुमार चंबा जिला के तीसा क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। अपने बयान में मुकेश कुमार ने बताया कि वह अपने साथियों योगराज, धनराज और अमन कुमार के साथ लॉ फैकल्टी के प्रांगण में खड़ा था। इसी दौरान मोहित लॉ फैकल्टी के गेट से बाहर आया और अचानक चाकू निकालकर उन्हें धमकाने लगा। शिकायत के मुताबिक इसी दौरान मोहित ने धनराज पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार फिलहाल घायल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाना में मामला दर्ज किया है। अभियोग संख्या 40/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 351(3) के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को इस मामले में थाना बालूगंज की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
